शादी का झांसा देकर युवती का शोषण, पुलिस ने पुणे से आरोपित को किया गिरफ्तार
रायगढ़, 08 जून (हि.स.)। रायगढ़ पुलिस ने महिला अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपित को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश कर आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पीड़िता ने महिला थाना रायगढ़ में दर्ज शिकायत में बताया कि वर्ष 2021 में मोबाइल के माध्यम से उसकी पहचान आरोपित आनंद कुमार सिंह से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपित ने विवाह का वादा किया और दिसंबर 2024 में रायगढ़ आकर शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह कई बार रायगढ़ आता रहा, लेकिन जब विवाह की बात आई तो लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में पीड़िता को आरोपित के किसी अन्य युवती से विवाह की तैयारी करने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ ने बीएनएस की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने पुणे में आरोपित की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि महिला अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई कर पीड़िताओं को न्याय दिलाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

