home page

दुष्कर्म और मारपीट मामले का फरार आरोपित को जेल

 | 
दुष्कर्म और मारपीट मामले का फरार आरोपित को जेल


रायगढ़, 11 मई (हि.स.)। जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत तमनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तमनार पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों में फरार चल रहे आरोपी राकेश सोनी उर्फ देवा को गिरफ्तार कर आज सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

मामले की जानकारी के अनुसार आरोपी राकेश सोनी उर्फ देवा पिता गंगाधर सोनी, उम्र 19 वर्ष, निवासी आमाघाट तमनार के विरुद्ध दिनांक 18 जून 2024 को थाना तमनार में गुमशुदा बालिका की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 167/2024 के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने बालिका को दस्तयाब कर उसके कथन, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 363, 366, 376(2)(एन) भारतीय दंड विधान तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय रिमांड पर भेजा था।

दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामले में जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ अक्टूबर 2025 में मारपीट की वारदात को भी अंजाम दिया था। प्रार्थी नरेंद्र सिदार की रिपोर्ट पर आरोपी और उसके साथियों के विरुद्ध अलग से अपराध क्रमांक 252/25 धारा 296,351(2),115(2), 3(5) दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। वहीं पॉक्सो प्रकरण में न्यायालय में पेशी पर उपस्थित नहीं होने के कारण न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान