home page

“ऑपरेशन क्लीन हंट” : घरघोड़ा पुलिस ने फरार गांजा तस्कर को पत्थलगांव में दबिश देकर किया गिरफ्तार

 | 
“ऑपरेशन क्लीन हंट” : घरघोड़ा पुलिस ने फरार गांजा तस्कर को पत्थलगांव में दबिश देकर किया गिरफ्तार


रायगढ़, 04 जून (हि.स.)। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में फरार चल रहे आरोपित दर्शन प्रसाद चौहान (22 वर्ष) निवासी पतराटोली, पत्थलगांव को गिरफ्तार कर आज गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपित की गिरफ्तारी अप्रैल माह में पकड़े गए गांजा तस्करों से प्राप्त जानकारी के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार 09 अप्रैल को थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में घरघोड़ा पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना पर थाना के सामने लैलूंगा रोड पर नाकेबंदी की गई थी। इस दौरान हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 14 एमएल 1015 में सवार दो व्यक्तियों को संदेह के आधार पर रोका गया।

पूछताछ में उन्होंने अपना नाम विजय सिदार निवासी चांदमारी रायगढ़ एवं शिवव्रत सिदार निवासी गोढ़ीकला, पत्थलगांव बताया। तलाशी लेने पर उनके पास रखे बैग से कुल 03 किलो 500 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख 75 हजार रुपये है, बरामद किया गया था। पुलिस ने अवैध गांजा के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। मामले में थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 127/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी विजय सिदार एवं शिवव्रत सिदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपिताें ने मोबाइल फोन के माध्यम से “सुदर्शन” नामक व्यक्ति से गांजा खरीदने की जानकारी दी थी।

पुलिस ने आरोपिताें से प्राप्त मोबाइल नंबरों एवं तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबर का उपयोग करने वाले व्यक्ति की पहचान दर्शन प्रसाद चौहान के रूप में हुई। घरघोड़ा पुलिस आरोपित पर निगाह रखे हुये थी कि बुधवार काे पत्थलगांव में दबिश देकर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर ट्रूकॉलर में “सुदर्शन” नाम प्रदर्शित होता है। उसने स्वीकार किया कि डम्फर ड्रायवरी के दौरान उसकी पहचान ग्राम गोढ़ीकला निवासी शिवव्रत उर्फ शिवा सिदार से हुई थी। दोनों के बीच संपर्क बढ़ने के बाद शिवव्रत द्वारा गांजा की मांग किए जाने पर उसने लगभग 3.5 किलोग्राम गांजा उपलब्ध कराया था। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान