लैलूंगा डबल मर्डर और दुष्कर्म कांड का खुलासा, 65 वर्षीय आरोपित गिरफ्तार
रायगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में महिला और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 65 वर्षीय भिखारीराम नागवंशी को गिरफ्तार कर आज शुक्रवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को ग्राम छापरपानी स्थित खेत के बोर मकान में 35 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी, जबकि उसकी 10 माह की पुत्री मृत पाई गई थी। महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मामले में थाना लैलूंगा में अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटनास्थल सुनसान होने और प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिलने के कारण जांच चुनौतीपूर्ण थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने गांव में लगातार कैंप लगाकर साक्ष्य जुटाए। वैज्ञानिक जांच, मुखबिर सूचना और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आधार पर ग्राम कोड़ासिया निवासी भिखारीराम नागवंशी (65) पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित 15 जुलाई की रात महिला के पास पहुंचा और जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने ईंट से महिला के सिर और चेहरे पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद महिला के साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान रो रही 10 माह की बच्ची की गला दबाकर और ईंट से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित खून से सनी अपनी धोती छिपाकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना के समय पहनी गई धोती सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले में हत्या के साथ दुष्कर्म से संबंधित धाराएं भी जोड़ते हुए आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि वैज्ञानिक जांच, सतत निगरानी और टीमवर्क के कारण इस जघन्य दोहरे हत्याकांड का खुलासा संभव हो सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

