बुजुर्ग की हत्या का खुलासा, जमीन विवाद में टांगी से हत्या को अंजाम देने वाला आरोपित गिरफ्तार
रायगढ़, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले के पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र के ग्राम धरमपुर साजापाली में 76 वर्षीय बुजुर्ग बंधन राम पण्डो की हत्या मामले का पुलिस द्वारा खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक विवेचना में हत्या का कारण नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद सामने आया है।
25 जुलाई को मृतक के पुत्र नोहर साय पण्डो (30 वर्ष) ने चौकी रैरूमाखुर्द में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जुलाई को सुबह अपनी पत्नी मां के साथ खेत-बाड़ी काम करने गया था। दोपहर जब वह खेत से घर लौटा, तब उसके पिता बंधन राम पण्डो घर के बाहर गांव के मकरदम उर्फ मुड़ी माझी (40 वर्ष) के साथ पुराने जमीन विवाद को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उसकी पुत्री अंजली पण्डो ने दौड़कर बताया कि मकरदम ने टांगी से दादाजी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया है। मौके पर पहुंचने पर आरोपित हाथ में टांगी लेकर फरार हो चुका था। रिपोर्ट पर चौकी रैरूमाखुर्द में हत्या का प्रयास का अपराध क्रमांक 200/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। उपचार के दौरान सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में बंधन राम पण्डो की मृत्यु हो जाने पर मर्ग जांच के उपरांत प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस जोड़ी गई।
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने तत्काल विवेचना तेज करते हुए संदिग्ध आरोपित की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपित मकरदम उर्फ मुड़ी माझी को उसके गृहग्राम धरमपुर से घेराबंदी कर आज हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने नजूल जमीन पर कब्जे को लेकर वर्षों से चले आ रहे विवाद के चलते टांगी से वार कर हत्या करना स्वीकार किया। विवेचना के दौरान गवाहों के कथनों से भी यह तथ्य सामने आया कि मृतक एवं आरोपित दोनों नजूल भूमि पर खेती करते थे तथा जमीन की सीमा और कब्जे को लेकर उनके बीच लगातार विवाद चल रहा था। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि मृतक हर वर्ष उसकी जमीन का कुछ हिस्सा अपने कब्जे में ले लेता था, जिससे आक्रोशित होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी, घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

