ढाई साल के मासूम की पत्थर से कुचलकर हत्या, निर्दयी मां का क़ातिल चेहरा उजागर
रायगढ़, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले के थाना कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा में एक मां द्वारा अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। आराेपित महिला काे पुलिस ने हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की ताे सच्चाई सामने आ गई। आराेपित महिला काे आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साेमवार काे जानकारी देते हुए बताया कि 19 अप्रैल को थाना कापू में मृतक बालक अनुज मंझवार के पिता बोधसाय मंझवार (28 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बाेधसाय ने बताया कि पत्नी सोनमती सरोती मंझवार के दो बच्चे हैं, लड़की ढूलबाई उम्र साढे चार साल तथा लड़का अनुज मझवार उम्र ढाई साल का है। ससुराल सरभांजा मेनपाठ है । बीते 16 अप्रैल दिन गुरूवार सुबह करीब 05.00 बजे जंगल चार तोड़ने गया था उस समय घर पर पत्नी और दोनो बच्चे थे । दोपहर में जब वह लौटा तो घर सूना मिला। शाम को उसकी साढ़े चार साल की बेटी दूलबाई अकेले घर पहुंची और बताया कि उसकी मां उसे घर भेजकर छोटे भाई अनुज को लेकर रानी गौवा नानी घर जंगल की ओर चली गई है। यह सुनते ही पिता को अनहोनी की आशंका हुई और ग्रामीणों के साथ रात तक जंगल में तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
अगले दिन सुबह आरोपित महिला सोनमती अकेले घर लौटी, लेकिन उसने बच्चे के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और टालमटोल करती रही। लगातार दो दिनों तक परिजनों और ग्रामीणों द्वारा जंगल में खोजबीन की गई। आखिरकार 18 अप्रैल की रात करीब एक बजे रानीगौवा पहाड़ के पास एक पगडंडी किनारे महुआ पेड़ के पास पत्थर पर खून के धब्बे दिखाई दिए। आसपास गहरी खाई में तलाश करने पर मासूम अनुज का शव मिला, जो सिर पर गंभीर चोट के साथ खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिजन फूट-फूट कर रो पड़े और पूरे गांव में मातम पसर गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कापू पुलिस ने तत्परता से अपराध क्रमांक 68/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर संदेही महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला लगातार गुमराह करती रही और अपहरण जैसी कहानी गढ़ती रही, लेकिन जब पुलिस ने तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर सख्ती से पूछताछ की, तो आखिरकार वह टूट गई।
पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि घटना के दिन वह अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके जा रही थी। रास्ते में लड़की को घर जाने लौटा दी और अपने बेटे को गोद में लेकर पहाड़ी चढ़ाई के दौरान थकान में बेटे को जमीन में उतार कर पैदल चलने बोली पर बालक अनुज जमीन पर बैठ गया, तब गुस्से में उसने अपने ढाई साल के मासूम बेटे को जमीन पर पटककर उसके सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह घर लौटकर झूठी कहानी बनाकर सभी को भ्रमित करने लगी।
पुलिस ने मामले में आरोपित सोनमती सरोती मझवार पति बोधसाय मंझवार उम्र 27 साल निवासी ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा को विधिवत गिरफ्तार कर आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

