अवैध शराब के साथ एक महिला व ढाबा के बाहर शराब बिक्री करते एक आरोपित गिरफ्तार
रायगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सखी महिला समूह के सदस्यों ने रविवार को एक घर से 10 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए एक महिला आरोपित को पुलिस के सुपुर्द किया। वहीं पुलिस ने बीती रात ग्राम लाखा स्थित राज फैमिली ढाबा में छापामार कार्रवाई करते हुए 21 पाव रोमियो देसी प्लेन शराब, 09 पाव गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब एवं शराब बिक्री की रकम 800 रुपये बरामद कर जब्त किया है।
सखी महिला समूह के सदस्यों को आज सुबह ग्राम सूरजगढ़ में सलेन्द्री यादव (उम्र 55 वर्ष) के घर में अवैध शराब बिक्री किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर समूह की अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों द्वारा उक्त महिला के घर जाकर तलाशी ली गई, जहां एक प्लास्टिक बोरी के थैले के अंदर सफेद रंग की पन्नी में भरी करीब 10 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली। महिला समूह द्वारा शराब एवं संबंधित महिला को कार्रवाई के लिए थाना पुसौर लाकर पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस द्वारा आरोपिता सलेन्द्री यादव निवासी सूरजगढ़, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ के कब्जे से करीब 10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, कीमत करीब 1,000 रुपये जब्त कर उसके विरुद्ध धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम द्वारा रायगढ़-पूंजीपथरा मार्ग पर पेट्रोलिंग करते हुए होटल एवं ढाबों की जांच की जा रही है। साथ ही अवैध शराब के कारोबार की सूचना देने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। इसी कड़ी में बीती रात ग्राम लाखा स्थित राज फैमिली ढाबा के बाहर रोड किनारे अवैध शराब बिक्री की सूचना पर कोतवाली एवं थाना साइबर की संयुक्त टीम द्वारा रेड कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ढाबा के पास संचालक लवली मखीजा (उम्र 40 वर्ष) निवासी सिंधी कॉलोनी वार्ड क्रमांक 22, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ को अवैध रूप से शराब बिक्री करते पकड़ा गया। आरोपित के कब्जे से 21 पाव रोमियो देसी प्लेन शराब, 09 पाव गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब एवं शराब बिक्री की रकम 800 रुपये, कुल 5.400 बल्क लीटर शराब, जुमला कीमत 3,470 रुपये की जब्ती की गई। आरोपित के विरुद्ध थाना कोतवाली में धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

