home page

घरेलू विवाद में पिता ने बेटे पर लोहे के सरिए से किया हमला, मामला दर्ज

 | 
घरेलू विवाद में पिता ने बेटे पर लोहे के सरिए से किया हमला, मामला दर्ज


रायगढ़, 18 अगस्त (हि.स.)। जूटमिल थाना क्षेत्र के लेबर कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान पिता द्वारा बेटे पर लोहे के सरिए से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 17 अगस्त की शाम करीब 4:45 बजे की है। लेबर कॉलोनी निवासी समसुल हक अंसारी का अपने बेटे परवेज अली से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान समसुल हक अंसारी ने पहले गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसने कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी और लोहे के सरिए से परवेज अली के सिर एवं बाएं हाथ पर हमला कर दिया। हमले में प्रवेज अली के सिर और हाथ से भारी खून बहने लगा जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

पीड़ित लहूलुहान हालत में जूटमिल थाना पहुंचा और अपनी आपबीती पुलिस को सुनाई। जिस पर जूटमिल पुलिस हरकत में आई और तत्काल एक्शन आराेपित समसुल हक अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत केस दर्ज किया है। इस पूरे मामले की जांच कार्यवाही जूटमिल पुलिस कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान