home page

मुआवजा राशि में 49.50 लाख की धोखाधड़ी, एक आरोपित गिरफ्तार, एक फरार

 | 
मुआवजा राशि में 49.50 लाख की धोखाधड़ी, एक आरोपित गिरफ्तार, एक फरार


रायगढ़, 19 अगस्त (हि.स.)। जिले के घरघोड़ा पुलिस ने मुआवजा राशि के नाम पर ग्रामीण से 49 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर आज बुधवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपित फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम तिलाईपाली बिच्छीनारा निवासी अमीर कुमार राठिया की जमीन एवं मकान एनटीपीसी तलाईपाली कोयला खनन परियोजना के लिए अधिग्रहित हुआ था, जिसके एवज में उसे 69 लाख 64 हजार 618 रुपये का मुआवजा प्राप्त हुआ था। पीड़ित द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार गांव के खगेश्वर गुप्ता ने मुआवजा राशि संबंधी कागजी कार्रवाई कराने की बात कहकर उसका बैंक पासबुक अपने पास लिया था। बाद में 8 जून 2026 को खगेश्वर गुप्ता अपने साथी प्रदीप गुप्ता के साथ पीड़ित को पंजाब नेशनल बैंक शाखा रायकेरा ले गया। वहां दोनों ने बैंक संबंधी प्रक्रिया कराने के नाम पर पीड़ित से चेक पर हस्ताक्षर करा लिए। पीड़ित के अनुसार उसने अपने बच्चों के खाते में 5-5 लाख रुपये जमा कराने की सहमति दी थी, जबकि चेक में अन्य राशि किसके खाते में ट्रांसफर की जा रही है, इसकी जानकारी उसे नहीं थी।

बाद में बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर पीड़ित को पता चला कि उसके खाते से मोतीलाल गुप्ता के खाते में 25 लाख रुपये तथा जगदीश गुप्ता के खाते में 24 लाख 50 हजार रुपये, यानी कुल 49 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। पीड़ित का आरोप है कि उसकी जानकारी एवं सहमति के बिना उसके हस्ताक्षरयुक्त चेक का उपयोग कर उक्त राशि दोनों आरोपिताें द्वारा अपने परिचितों/परिजनों के खातों में ट्रांसफर कराई गई। शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 257/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू द्वारा पीड़ित एवं गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ पंजाब नेशनल बैंक शाखा रायकेरा से संबंधित बैंक खातों के स्टेटमेंट एवं अन्य दस्तावेज प्राप्त किए। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित खगेश्वर गुप्ता (उम्र 29 वर्ष) निवासी ग्राम तिलाईपाली, थाना तमनार, जिला रायगढ़ को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपि‍त द्वारा अपने साथी प्रदीप गुप्ता के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपि‍त को अपराध एवं गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए 18 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार किया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। प्रकरण का अन्य आरोपि‍त प्रदीप गुप्ता फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान