निगरानी बदमाश लूटपाट के मामले में गिरफ्तार
रायगढ़, 22 मई (हि.स.)। घरघोड़ा पुलिस ने थाना क्षेत्र के निगरानी बदमाश मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान को लूटपाट के अपराध में गिरफ्तार कर शुक्रवार काे न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपित के संबंध में पुलिस को सूचना मिली थी कि वापस गांव आकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है।
मामले में ग्राम कपाटबहरी थाना सीतापुर जिला अंबिकापुर निवासी अरूण कुमार एक्का द्वारा नवंबर 2025 में शिकायत की थी। शिकायत एसपी कार्यालय रायगढ़ से जांच हेतु थाना घरघोड़ा भेजा गया । शिकायत के अनुसार अरूण घरघोड़ा में रहकर मजदूरी का काम करता है। 21 अक्टूबर 2025 की रात लगभग 8:30 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने पिकअप वाहन की ओर जा रहा था, तभी गुप्ता होटल के पास पीछे से आए मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान ने उसके साथ मारपीट की और नशा करने के लिए पैसे मांगने लगा। मना करने पर आरोपित ने उसके शर्ट की जेब से जबरन 500 रुपये छीन लिए तथा मोबाइल छीनने का प्रयास किया। छीना-झपटी के दौरान मोबाइल नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।
शिकायत जांच के दौरान पीड़ित/आवेदक अरूण एक्का से संपर्क किया गया। पीड़ित एवं गवाहों के बयान लिए गए। वहीं घटना के बाद आरोपित फरार चल रहा था। शिकायत जांच उपरांत 21 मई 2026 को आरोपित मोहसीम खान के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। गुरुवार रात आरोपित के गांव में देखे जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उसने लूटपाट की घटना स्वीकार कर ली, आरोपित से शेष लूट रकम जब्त किया गया ।
गिरफ्तार आरोपित मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान उम्र 30 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 02, ब्लॉक कॉलोनी घरघोड़ा जिला रायगढ़* को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

