home page

युवती से सरेराह मारपीट करने वाली आरोपिता नूरी खान गिरफ्तार

 | 
युवती से सरेराह मारपीट करने वाली आरोपिता नूरी खान गिरफ्तार


रायगढ़ , 14 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ सरेराह मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस को आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने बिना विलंब वायरल वीडियो की जांच प्रारंभ की और आज तड़के मुख्य आरोपित नगमा खान उर्फ नूरी को उसके निवास पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान उसने मारपीट में शामिल दो अन्य लड़कियों के बारे में जानकारी दी, जिन्हें भी तलब किया गया। जांच में दोनों नाबालिग बालिकाएं निकलीं, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

आज ही 19 वर्षीय पीड़िता थाना कोतवाली पहुंची और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वह रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में कार्य करती है। दिनांक 30 जून 2026 की शाम लगभग 4 बजे वह अपनी सहेली के साथ मोटरसाइकिल से थोक बाजार सामान छोड़कर वापस लौट रही थी। मेरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो युवतियों ने मोटरसाइकिल आगे लगाकर उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों युवतियों ने फोन कर अपने रिश्तेदारों को बुलाया, जिनमें नगमा खान उर्फ नूरी भी शामिल थी। इसके बाद सभी ने मिलकर पीड़िता के साथ लात-घूंसों एवं मुक्कों से मारपीट की। शोर सुनकर पीड़िता की सहेली एवं राहगीरों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित युवती ने बताया कि मारपीट करने वाली सेल्फी ले रही थी, ये दोनों हंसते हुए गुजरे तो उनको लगा हमें देखकर हंस रही है और बेवजह मारपीट किये।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 375/2026 पंजीबद्ध कर धारा 296, 115(2), 126(2), 351(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला *नगमा खान उर्फ नूरी, पति खबीब खान, उम्र 38 वर्ष, निवासी चांदनी चौक, फौजदारपारा, रायगढ़* को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं घटना में शामिल दोनों बाल अपचारियों के विरुद्ध भी विधि अनुसार आवश्यक कार्रवाई की गई।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी, मारपीट एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान