सागर: खुरई में अंधे कत्ल का खुलासा, 24 घंटे के भीतर 3 आरोपी गिरफ्तार; कुल्हाड़ी बरामद
सागर, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई ग्रामीण थाना क्षेत्र में हत्या के एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना 4 मार्च 2026 की है। ग्राम खेजरा इज्जत निवासी फरियादी अनिल यादव ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पिता भगवानदास यादव का गांव के ही कुछ लोगों से खेत की 'बारगा' (मेड़) हटाने को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद इतना गहरा गया कि आरोपी जयराम यादव, केतार यादव, केदारनाथ यादव, नीरज यादव और करतार यादव ने जान से मारने की नीयत से भगवानदास पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर चोटें आने के कारण भगवानदास यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खुरई ग्रामीण पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत धारा 103(1), 296(ए), 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी सागर ने विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण 5 मार्च 2026 को तीन मुख्य आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
• जयराम यादव• केतार यादव• केदारनाथ यादव
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अब शेष फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

