home page

सागरः युवक के हत्या के मामले मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार

 | 
सागरः युवक के हत्या के मामले मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार


सागर, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में थाना मोतीनगर क्षेत्र अंतर्गत मोहन नगर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमित कुमार सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया है। मामले में सभी नामजद आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

पुलिस के अनुसार घटना 2 जून 2026 की है। मोहन नगर निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला कमलाबाई पत्नी स्वर्गीय कपूरचंद्र सोनी ने थाना मोतीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 2 जून की शाम करीब 5:30 बजे वह अपने नाती अतुल जड़िया के साथ घर पर थीं। इसी दौरान उनका बेटा अमित सोनी अपने बेटों देव सोनी, देवांश सोनी और दिव्यांश सोनी के साथ घर आया। वहाँ पहुँचकर अमित सोनी और उसके बेटों ने संपत्ति विवाद को लेकर अतुल जड़िया के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अतुल जड़िया को पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद आरोपी देव सोनी ने पास पड़े लोहे के पाइप से अतुल के सिर पर ताबड़तोड़ कई प्रहार किए।

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरी हिंसक वारदात के दौरान मुख्य आरोपी अमित सोनी और उसकी पत्नी तनु सोनी लगातार अपने बेटों को अतुल पर हमला करने के लिए उकसा रहे थे। सिर पर लोहे के पाइप से गंभीर चोटें आने के कारण अतुल जड़िया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट के आधार पर मोतीनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 611/2026 दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 115(2), 103(1) और 3(5) के तहत गंभीर धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने दबिश देकर पूर्व में ही घटना में शामिल तीन आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी कड़ी में पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी इनपुट की मदद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमित कुमार सोनी (उम्र 58 वर्ष) को भी धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में आरोपी अमित सोनी ने हत्या की इस वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे