शादी का झांसा देकर युवती से बनाए शारीरिक संबंध, शादी से मुकरा और जान से मारने की दी धमकी, गिरफ्तार
रायगढ़, 22 नवंबर (हि.स.)। शादी का प्रलोभन देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, बाद में शादी से मुकरने और जान से मारकर फेंक देने की धमकी देने वाले आरोपित को महिला थाना रायगढ़ की टीम ने गिरफ्तार कर आज रविवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को 20 वर्षीय युवती ने महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह आरोपित सागर पटैल उर्फ छोटु (22 वर्ष) निवासी थाना खरसिया को काफी पहले से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपित ने उसे पसंद करने और शादी करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद युवती भी उसे पसंद करने लगी। युवती ने जब परिजनों द्वारा इस रिश्ते पर सहमति नहीं देने की बात आरोपित को बताई, तब 7 सितंबर 2026 की रात आरोपित उसके घर पहुंचा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन शादी करने की बात कहकर उसे ट्रेन से बिलासपुर ले गया, जहां एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कही और अपने घर ले आया। इसके बाद युवती आरोपित के घर पर रहने लगी।
मामले की जानकारी युवती के परिजनों को होने पर उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने के लिए आरोपित से बातचीत की, लेकिन वह लगातार टालमटोल करने लगा। बाद में आरोपित ने शादी करने से साफ इनकार करते हुए अधिक दबाव बनाने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। युवती की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 101/2026, धारा 69, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल पुलिस टीम को आरोपित की गिरफ्तारी के लिए खरसिया रवाना किया गया। टीम ने आरोपित के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर महिला थाना की टीम ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस त्वरित कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, संदीप भगत एवं आरक्षक रविन्द्र गुप्ता (थाना साइबर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

