सागर में चाकूबाजी कांड का खुलासा, गोपालगंज पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
सागर, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी और जानलेवा हमले की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पांच नामजद आरोपियों वाले इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी सहित चार को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
यह घटना 16 मार्च 2026 की शाम करीब 7 बजे शनिचरी क्षेत्र के बड़ौदियाना मोहल्ले में हुई थी। फरियादी अपने साथियों के साथ इलाके में मौजूद था, तभी पुरानी रंजिश को लेकर सोनू उर्फ नूर मोहम्मद और उसके साथियों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपियों ने चाकू व डंडों से हमला कर दिया।
हमला पूरी तरह योजनाबद्ध बताया जा रहा है, जिसमें कई लोगों को गंभीर चोटें आई थीं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया, जिसमें हत्या के प्रयास और खतरनाक हथियार से हमला जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू उर्फ नूर मोहम्मद को घटना के दिन ही पकड़ लिया था। इसके बाद इसरार खान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि इरशाद खान और राजा उर्फ नूरुल हुसैन को सोमवार को दबोचा गया।
पूरे ऑपरेशन में गोपालगंज थाना पुलिस की टीम ने अहम भूमिका निभाई। कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक घनश्याम शर्मा और उपनिरीक्षक नीरज जैन ने किया। टीम में कई आरक्षक और प्रधान आरक्षक शामिल रहे, जिन्होंने लगातार दबिश देकर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राहत का माहौल है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल एक आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे भी पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

