home page

सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ : पांच युवतियों और चार युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 | 
सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ : पांच युवतियों और चार युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार


मथुरा, 31 मार्च(हि.स.)। छाता पुलिस ने मंगलवार दोपहर नेशनल हाईवे-19 स्थित चोटी वाला ढाबा पर चल रहे देह व्यापार के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। छाता दौताना स्थित ढाबे पर हुई छापेमारी में 5 युवतियों और 4 युवकों सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सीओ भूषण वर्मा के नेतृत्व में की गई।

पुलिस को लम्बे समय से मिल रही शिकायतों और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर छाता क्षेत्राधिकारी भूषण वर्मा ने विशेष टीम गठित की। मंगलवार को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से नेशनल हाईवे-19 स्थित चोटी वाला ढाबा पर दबिश दी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से परिसर में भगदड़ मच गई लेकिन घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ लिया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक स्थिति में कुल 9 आरोपितों को हिरासत में लिया, जिनमें 5 युवतियां और 4 युवक शामिल हैं। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य ढाबा संचालकों में हड़कम्प मच गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित सरगना की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां केवल एक ढाबे तक सीमित नहीं हैं बल्कि नेशनल हाईवे. 19 पर कई ढाबों पर लंबे समय से यह धंधा चल रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने केवल एक स्थान पर कार्रवाई कर औपचारिकता पूरी की है। जबकि अन्य स्थानों पर भी सख्त कार्रवाई की जरूरत है। सीओ छाता ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार