home page

सागरः बीना में डकैती की योजना बनाते 5 शातिर आरोपी गिरफ्तार, ज्वेलर्स और पेट्रोल पंप थे निशाने पर

 | 
सागरः बीना में डकैती की योजना बनाते 5 शातिर आरोपी गिरफ्तार, ज्वेलर्स और पेट्रोल पंप थे निशाने पर


सागर, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना उपनगर में पुलिस ने एक बड़ी डकैती और चोरी की वारदात को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने रात के अंधेरे में किसी बड़ी सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे पांच शातिर आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से भारी मात्रा में चोरी और डकैती में इस्तेमाल होने वाले खतरनाक उपकरण और हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यह पूरी कार्रवाई 10-11 जून की दरमियानी रात को अंजाम दी गई। बीना थाना पुलिस की टीम जब क्षेत्र में रूटीन गश्त पर थी, तभी अचानक मुखबिर से एक बेहद गोपनीय और सटीक सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि मालखेड़ी रोड स्थित 'अनिल इंडस्ट्रीज' के पास सुनसान जगह पर कुछ संदिग्ध युवक इकट्ठा हुए हैं और वे किसी बड़ी डकैती की साजिश रच रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और स्वतंत्र साक्षियों (गवाहों) को साथ लेकर मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए अनिल इंडस्ट्रीज के आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस टीम जब छिपकर संदिग्धों के करीब पहुंची, तो वहां पांचों आरोपी आपस में बैठकर शहर की प्रसिद्ध 'ज्वेलर्स' दुकान और 'पेट्रोल पंप' में डकैती डालने की योजना पर चर्चा कर रहे थे। आरोपी आपस में बात कर रहे थे कि किस तरह दुकान के ताले तोड़े जाएंगे और विरोध करने पर कैसे निपटा जाएगा। पुख्ता सबूत मिलते ही पुलिस टीम ने चारों तरफ से धावा बोलकर पांचों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। जब पुलिस ने उनके पास मौजूद थैलों की तलाशी ली, तो उसमें से वारदात में इस्तेमाल होने वाले कई तरह के औजार बरामद हुए।

आरोपियों की तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से निम्नलिखित सामग्रियां मिली हैं, जिन्हें जब्त कर मालखाने में जमा करा दिया गया है, धारदार चाकू, हाइड्रोलिक कटर (लोहा और ताले काटने के लिए), तोता पाना और कील निकालने का पाना, पेंचकस (स्क्रू ड्राइवर), गुलेल और भारी मात्रा में पत्थर, आंखों में झोंकने के लिए मिर्च पाउडर, चेहरे को छिपाने के लिए तौलिये व अन्य कपड़े।

गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी शातिर अपराधी प्रवृत्ति के हैं, जो बाहरी जिलों से आकर यहां वारदात को अंजाम देने वाले थे। पकड़े गए आरोपियों के नाम लखन पारदी (उम्र 22 वर्ष), निवासी- मुरादपुर, जिला गुना, कुलदीप मोगिया (उम्र 20 वर्ष), निवासी- सेवदा जिला शिवपुरी, नंदकिशोर पारदी (उम्र 39 वर्ष), निवासी कनेरा जिला गुना, तारा सिंह पारदी (उम्र 19 वर्ष), निवासी- मुरादपुर, जिला गुना गजराज सिंह पारदी (उम्र 22 वर्ष), निवासी मुरादपुर जिला गुना ।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुबूल किया है कि वे ज्वेलर्स की दुकान और पेट्रोल पंप को ही निशाना बनाने के मकसद से बीना आए थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नए कानून यानी भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) एवं 310(5) के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन्होंने पहले भी क्षेत्र में किसी चोरी या लूट की वारदात को अंजाम दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे