home page

तरबूज की आड़ में मादक पदार्थ तस्करी का भंडाफोड़, 85 किलो डोडाचूरा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 | 
तरबूज की आड़ में मादक पदार्थ तस्करी का भंडाफोड़, 85 किलो डोडाचूरा जब्त, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार


मंदसौर, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसाैैर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 85 किलो डोडाचूरा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिपलिया मंडी-मनासा रोड स्थित सगज बावजी मंदिर के पास बरखेड़ा विरपुरिया फंटा क्षेत्र में एक ट्रक के जरिए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान ट्रक को रोका गया। ट्रक में तरबूज लदे हुए थे, लेकिन ड्राइवर की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने तलाशी ली। जांच में ट्रक में रखे 6 प्लास्टिक के कट्टों से 85 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र पिता डालूराम जाट (29), निवासी बीकानेर (राजस्थान) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने बताया कि आरोपी तरबूज की आड़ में मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे यह जानकारी जुटाई जा रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस ने इस मामले में तीन अन्य संदिग्धों को भी राउंडअप किया है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया