home page

नरहरपुर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आराेपित काे किया गिरफ्तार

 | 
नरहरपुर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आराेपित काे किया गिरफ्तार


कांकेर, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले की नरहरपुर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित काे आज रविवार काे गिरफ्तार कर उसे पॉक्‍सों एक्‍ट के तहत न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कर दिया गया।

नरहरपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को एक महिला ने थाना नरहरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अपनी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली। पुलिस द्वारा पीड़‍िता का बयान लेने पर उसने बताया कि परमेश मंडावी (19), निवासी नरसिंहपुर, थाना कोरर ने उसे बहला-फुसलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

रिपोर्ट के आधार पर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 157/2026 के तहत धारा 64(1), 64(2)(द्व), 65(1) बीएनएस तथा धारा 4 और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपित के संभावित ठिकाने पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर कार्रवाई उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कर दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल, उप निरीक्षक पीयूष कुमार यादव, सहायक उप निरीक्षक पल्टूराम मंडावी, आरक्षक मनोज ध्रुव, आरक्षक रैन कुमार जैन और महिला आरक्षक सरिता गोटी का याेगदान रहा। कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों, अवैध गतिविधियों अथवा किसी भी संदिग्ध आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल कांकेर पुलिस अपराध हेल्पलाइन 94791-55125 या नजदीकी पुलिस थाने को दें। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे