शादी का झांसा देकर अनाचार के मामले में आरोपित को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से किया गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 14 अगस्त (हि. स.)। जिले में अनाचार के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपित पर पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन अनाचार करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आज शुक्रवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की आरोपित सुरेंद्र राजभर से काम करने के दौरान पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपित ने पीड़िता से दोस्ती कर नजदीकियां बढ़ाईं और शादी करने का झांसा दिया। आरोप है कि पीड़िता के मना करने के बावजूद आरोपित ने उसके साथ अनाचार किया। कुछ समय बाद पीड़िता अपने घर वापस आ गई।
इसके बाद भी आरोपित जांजगीर-चांपा आया और पीड़िता को मिलने के लिए बुलाया। आरोपित ने दोबारा शादी करने का भरोसा दिया और पीड़िता के विरोध के बावजूद उसके साथ जबरन अनाचार किया। पीड़िता द्वारा शादी के लिए कहने पर आरोपित टालमटोल करने लगा। इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया और उत्तर प्रदेश भाग गया।
पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क और सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देश के पालन में सिटी कोतवाली पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश रवाना हुई। पुलिस टीम ने आरोपित के बताए गए ठिकाने पर दबिश दी, जहां वह मिल गया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम सुरेंद्र राजभर बताया।
पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपित ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर और डराने-धमकाने के आरोपों को स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुरेंद्र राजभर, पिता रामलाल राजभर, उम्र 24 वर्ष, निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, आरक्षक प्रकाश राठौर, महिला आरक्षक संतुका और विनोद राठौर का विशेष योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

