15 साल बाद पुलिस के शिकंजे में आया इनामी हत्यारोपी, जयपुर में ‘मदन’ बनकर छिपा था आरोपी
सागर, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की सागर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी हत्यारोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 15 वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहा आरोपी आखिरकार जयपुर (राजस्थान) से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी अब्दुल राशिद (पिता अब्दुल वाहिद), निवासी शनिचरी चौगना, वर्ष 2011 के हत्या प्रकरण में आरोपी था। वह उस समय जेल में निरुद्ध था, लेकिन इलाज के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद से वह लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलता रहा। आरोपी पर पुलिस महानिरीक्षक, सागर द्वारा 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में गठित विशेष टीम को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के जयपुर में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद उप निरीक्षक नीरज जैन के नेतृत्व में टीम जयपुर पहुंची और सिविल ड्रेस में रहकर करीब 4-5 दिनों तक आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी।
घेराबंदी के दौरान आरोपी ने खुद को ‘मदन’ बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी विश्लेषण और फिजिकल वेरिफिकेशन के आधार पर उसकी पहचान उजागर हो गई। अंततः उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

