(अपडेट) पुलिस ने ठगी करने वाले आरोपित युवक को किया गिरफ्तार
जौनपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रुपये दोगुने करने का झांसा देकर लोगों को ठगी के जाल में फंसाने वाले कथित गिरोह के सरगना को बरसठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से आरबीआई के लोगो वाला कागज, 500 रुपये के नोट के आकार के 22 टुकड़ों पर लगा कथित तीव्र विस्फोटक पदार्थ, कार, मोबाइल फोन और 2,230 रुपये नकद बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) ने रविवार को बताया कि तीन अक्टूबर की रात बरसठी पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ तिराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान (यूपी 66 एएफ 5157) नंबर की कार को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक ने अपना नाम भदोई निवासी सचिन उपाध्याय (33) बताया। तलाशी के दौरान संदिग्ध सामग्री मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को रुपये दोगुने करने का लालच देता था। विश्वास जीतने के लिए आरबीआई का लोगो और 500 रुपये के नोट से मिलते-जुलते रंग व आकार के कागज दिखाए जाते थे। पुलिस का दावा है कि कथित विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल लोगों को भयभीत करने तथा अपराध से जुड़े साक्ष्य मिटाने के लिए किया जाता था।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सचिन के खिलाफ वर्ष 2016 में भदोही और सुरियावां थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

