विधायक की गैस एजेंसी और शराब ठेके पर चोरी करने वाले गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार
कानपुर, 07 मार्च (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के आर्यनगर सीट विधायक अमिताभ बाजपेयी की चौबेपुर स्थित गैस एजेंसी के गोदाम में सिलेंडर चोरी और गौरी भगवंतपुर में अंग्रेजी व देशी शराब की दुकानों में हुई बड़ी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दोनों वारदातों से इलाके में मचे हड़कंप के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी गए सिलेंडर, शराब और नकदी का कुछ हिस्सा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपितों ने गैस एजेंसी के गोदाम से सिलेंडर पार करने के साथ ही शराब के ठेकों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की शराब और नकदी चोरी करने की बात कबूल की है।
एसीपी बिल्हौर मंजय सिंह ने शनिवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 25 फरवरी को पीड़ित शशिकांत पांडेय ने मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि दीपूपुर स्थित सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी की गैस एजेंसी का गोदाम है, जहां वह मैनेजर के पद पर तैनात हैं। गोदाम पहुंचने पर जानकारी हुई कि चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर रखे 127 भरे, सात खाली और तीन कामर्शियल गैस सिलेंडर चोरी कर लिए।
वहीं दूसरी घटना में पीड़ित रामेश्वर यादव ने बताया कि चौबेपुर के ग्राम गौरी भगवंतपुर स्थित कम्पोजिट शराब की दुकान में वह नौकरी करते हैं। उन्होंने थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि एक मार्च की रात चोरों ने अंग्रेजी और देशी शराब की दुकानों के साथ कैंटीन को भी निशाना बनाया। चोर अंग्रेजी शराब की दुकान से करीब 72 हजार रुपये कीमत की सात पेटी शराब, देशी शराब की दुकान से करीब 60 हजार रुपये कीमत की आठ पेटी शराब और कैंटीन से करीब दो हजार रुपये नकद के साथ 40 से 50 सिगरेट की डिब्बियां चोरी कर ले गए।
पुलिस ने दोनों ही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना पर गौशाला नहर पुल के पास से पिकअप वाहन समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों में शिवराजपुर निवासी आदित्य उर्फ गोलू, प्रांशु सिंह, आर्यन तिवारी, प्रवीन तिवारी, आयुष कठेरिया तथा चौबेपुर निवासी प्रांशु गौतम और संतोष कुशवाहा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 43 गैस सिलेंडर, दो पेटी देशी शराब, 14 कैन बीयर और 21 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपितों द्वारा बेचे गए माल का आकलन किया जा रहा है और खरीददारों की भी तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

