सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.440 किलो स्मैक के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 14 मई (हि.स.)। सुपौल पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.440 किलोग्राम स्मैक के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो चारपहिया वाहन, 750 एमएल अंग्रेजी शराब, 10 एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, 2600 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए सुपौल पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में 13 मई को जदिया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ तस्कर रानीगंज की ओर से दो चारपहिया वाहनों में अवैध मादक पदार्थ लेकर जदिया की तरफ आने वाले हैं। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी त्रिवेणीगंज के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहनों को चिन्हित कर रोका और दंडाधिकारी की मौजूदगी में वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 1.440 किलो स्मैक बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से कुंदन कुमार, सूचित कुमार, संजय यादव और प्रदीप कुमार उर्फ जीतन को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी सुपौल जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहन भी जब्त कर लिए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इनके नेटवर्क, आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित तस्करों के संबंध में गहन जांच जारी है। मामले में जदिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में मादक पदार्थ तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। सुपौल पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

