होटल में तीन युवकों को नशीले पदार्थों सहित किया गिरफ्तार
सोलन, 04 अप्रैल (हि.स.)। सोलन पुलिस की एस. आई.यू टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के एक होटल में छापा मारकर तीन युवकों को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए होटल के कमरा नंबर 6 में छापा मारा जहां तीन युवक मौजूद थे । पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 6.96 ग्राम हैरोइन और 30 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गई ।
पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज (27), वैभव शांडिल (20) और हर्ष दिलटा (27) के रूप में हुई है । यह सभी आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एन.डी. पी. एस. एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि नशे की सप्लाई कहां से हो रही थी। साथ ही उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

