home page

नावापारा टेण्डा में मकान और राशन दुकान की चोरी का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
नावापारा टेण्डा में मकान और राशन दुकान की चोरी का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार


रायगढ़, 25 फ़रवरी (हि.स.)। घरघोड़ा पुलिस ने नावापारा टेण्डा में हुई मकान और राशन दुकान की चोरी के आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपित और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया। चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स गौतम मंडल को भी गिरफ्तार कर आज बुधवार काे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

23 फरवरी को मनीष महंत (22 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21-22 फरवरी की रात उनके घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने एक नग सोने का फुली, एक जोड़ी चांदी का पायल और दो चांदी का बिछिया चोरी कर लिया। इस मामले में थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 63/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई।

साथ ही, संजय महाराज राशन दुकान से लगभग 15,000 रुपये का सामान चोरी हुआ। दुकान संचालक संजय शर्मा ने बताया कि दुकान का पिछला दरवाजा टूटा हुआ मिला। चोरी की गई सामग्री में साबुन, तेल, क्रीम, पेस्ट, हेयर ऑयल, शैम्पू, फेसवॉश, सीएफएल बल्ब, टिफिन बॉक्स आदि शामिल थे। इस संबंध में अपराध क्रमांक 64/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस दर्ज किया गया।

पुलिस ने पूछताछ में ओमप्रकाश अगरिया उर्फ चकदे (25 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक को चोरी में शामिल पाया। चोरी की गई चांदी की पायल आर.जी. ज्वेलर्स के संचालक गौतम मंडल को बेचने की जानकारी पर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया।

ओमप्रकाश अगरिया से एक नग सोने का फुली और दो नग चांदी का बिछिया बरामद किया गया, वहीं विधि से संघर्षरत बालक से चोरी की बिक्री से प्राप्त 1,000 रुपये बरामद हुआ। ज्वेलर्स गौतम मंडल से चोरी की एक जोड़ी चांदी का पायल बरामद हुआ है। राशन दुकान का पूरा सामान 15,000 रुपये बरामद किया कुल मिलाकर दोनों मामलों में लगभग 45,100 रुपये की चोरी की संपत्ति की पूरी तरह बरामदगी की गई।

आरोपित ओमप्रकाश अगरिया, गौतम मंडल और विधि से संघर्षरत बालक को आज बुधवार काे सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान