1771.920 लीटर विदेशी शराब के साथ दो कारोबारी गिरफ्तार
दरभंगा , 12 सितंबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत बहेड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए धरौड़ा चौक के समीप एक गाछी से डीसीएम ट्रक में लदी 1771.920 लीटर विदेशी शराब बरामद की।
मौके से शराब कारोबार में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में समस्तीपुर जिले के उजियारपुर निवासी कैलाश महतो के पुत्र पप्पू कुमार तथा मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर निवासी कैलाश मांझी के पुत्र संजय मांझी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तथा इसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

