बड़वानी: शादी का झांसा देकर 2.25 लाख रुपये ठगे, कथित लुटेरी दुल्हन गिरोह के दो आरोपित गिरफ्तार
बड़वानी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में शादी का प्रलोभन देकर 2.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने फरार महिला और पुरुष आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 27 हजार रुपये नकद, चांदी की एक जोड़ी पायजेब और स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल सहित कुल 1.32 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शादी का झांसा देकर फरियादी से चांदी के आभूषण सहित कुल 2 लाख 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत मिली थी। इस पर नागलवाड़ी थाने में अपराध क्रमांक 229/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 318(4), 61(2) और 3(5) के तहत प्रकरण कायम किया गया। मामले में फरार आरोपितों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस कार्रवाई के दौरान तरवर उर्फ तरुण सांवले (32), पुत्र प्रकाश सांवले और उसकी पत्नी सपना सांवले (36) को गिरफ्तार किया गया। दोनों खरगोन जिले के जैतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खेड़ी खुर्द (डोंगरगांव) के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 27 हजार रुपये नकद, करीब पांच हजार रुपये कीमत की चांदी की एक जोड़ी पायजेब और लगभग एक लाख रुपये मूल्य की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 32 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
बड़वानी पुलिस के अनुसार, शादी का प्रलोभन देकर कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Rajesh Rathore

