चोरी के ट्रैक्टर ट्रॉली व तमंचा के साथ युवक गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर 13 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद के बांसी थाना क्षेत्र के तेलौरा गांव स्थित गिट्टी प्लांट से चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्राली की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी थेफ्ट टीम तथा बांसी पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने काजी रुधौली से देवरिया जाने वाली नहर की पटरी के पास से आरोपित सोनू लोध को चोरी का ट्रैक्टर-ट्राली व 315 बोर का देशी तमंचा, एक कारतूस और मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। उक्त जानकारी मंगलवार काे अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि गत 18 अगस्त की रात बांसी थाना क्षेत्र के तेलौरा स्थित गिट्टी प्लांट से ट्रैक्टर-ट्राली चोरी हो गई थी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थी। एंटी थेफ्ट टीम, सर्विलांस सेल और बांसी पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नीले-सफेद रंग का ट्रैक्टर-ट्राली लेकर नहर की पटरी से गुजरने वाला है। उसके पास तमंचा और कारतूस भी है। सूचना पर पुलिस टीम ने काजी रुधौली से देवरिया जाने वाली नहर की पटरी पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद ट्रैक्टर-ट्राली लेकर आ रहे व्यक्ति को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन रास्ता संकरा होने के कारण वह सफल नहीं हो सका। टीम ने उसे ट्रैक्टर-ट्राली समेत पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम सोनू लोध पुत्र डेबा लोध, निवासी पुरनजोत, थाना खेसरहा, सिद्धार्थनगर बताया। उसने ट्रैक्टर-ट्राली को 18 अगस्त की रात तेलौरा स्थित गिट्टी प्लांट से चोरी करने की बात स्वीकार की। वह इसे बेचने के लिए संतकबीरनगर ले जा रहा था। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार सोनू के विरुद्ध पहले भी चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ चिल्हिया थाने में चोरी, घर में चोरी और उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मामले दर्ज होने का उल्लेख है। खेसरहा थाने में पाक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज है। इस मामले में चोरी की संपत्ति बरामद होने के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपित को मंगलवार को न्यायालय भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी

