पुलिस को चकमा देकर भागा तस्कर गिरफ्तार
जोधपुर, 18 सितम्बर (हि.स.)। डांगियावास थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ा है। वह 117.370 किलोग्राम डोडा पोस्त तस्करी मामले में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी धायलों की ढाणी बिसलपुर निवासी नरेश पुत्र लादुराम विश्नोईवर्ना गाड़ी में भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त भरकर अपने घर लेकर आया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी मौके पर ही अपनी वर्ना कार छोडक़र फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली। उसमें 117.370 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ था। इसे पुलिस ने जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। घटना के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर झालावाड़ और कोटा क्षेत्र की तरफ फरारी काट रहा था।
डांगियावास थाना पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कोटा में छिपा हुआ है। इस पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नयापुरा कोटा से आरोपी नरेश को दस्तयाब कर लिया। थानाधिकारी राजूराम काला ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है।
प्राथमिक अनुसंधान में तस्करी में इस्तेमाल की गई वर्ना कार के चोरी के होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपी से डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त और गाड़ी के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

