सकतपुर व अलीनगर थाना क्षेत्र में शराब के खिलाफ कार्रवाई, सात गिरफ्तार
दरभंगा, 13 सितंबर (हि.स.)।
जिले के सकतपुर थाना और अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब के खिलाफ अलग-अलग कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया। सकतपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के पास से करीब 5 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई, जबकि अलीनगर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में पांच लोगों को गिरफ्तार करने के साथ 122.04 लीटर शराब बरामद कर एक कारोबारी को गिरफ्तार किया गया।
सकतपुर थाना क्षेत्र के गंदौली गांव में पुलिस ने प्रमोद मुखिया (25) को करीब 5 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को सूचना मिली थी कि वह शराब लेकर घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पहुंची पुलिस टीम को देखकर वह प्लास्टिक का गैलन और बोतल लेकर भागने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। तलाशी में गैलन से करीब 3 लीटर और बोतल से करीब 2 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई। मामले में सकतपुर थाना कांड संख्या 119/26 दर्ज किया गया है।
सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंदर कुमार ने कहा कि मध्यनिषेध कानून के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। शराब के सेवन और कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इधर, अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब के नशे में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान धमुआरा निवासी शिवानंद शर्मा, अलीनगर निवासी ललन मुखिया, इमामगंज निवासी प्रभु चौपाल, घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के लगमा निवासी श्याम मुखिया तथा मोतिहारी जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मणिकपुर निवासी नरेश राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी के शराब के नशे में होने की पुष्टि के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
वहीं, गुप्त सूचना के आधार पर अलीनगर थाना क्षेत्र के गोसवा चौक पर एक लाल रंग के महिंद्रा 275 डीआई ट्रैक्टर के ट्रेलर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 14 कार्टून में कुल 122.04 लीटर शराब बरामद हुई। मौके से बेनीपुर नवटोलिया निवासी बसंत कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में अलीनगर थाना द्वारा कांड संख्या आगे की कार्रवाई की गई।
अलीनगर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए थाना क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शराब का सेवन करने वालों और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

