सागर : मशानझिरी घाटी से आदतन अपराधी सोनू घोषी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार
सागर, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोतीनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मशानझिरी घाटी क्षेत्र से एक आदतन अपराधी को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में गठित टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मशानझिरी घाटी के पास अवैध शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान संदिग्ध व्यक्ति ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे घेरकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से विभिन्न ब्रांडों की कुल 336 पाव (करीब 60.480 लीटर) अवैध शराब बरामद की गई।
जब्त शराब में पावर स्ट्रॉन्ग व्हिस्की के 45 पाव, जिप्सी शराब के 141 पाव और देशी मदिरा प्लेन के 150 पाव शामिल हैं, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 31,410 रुपये बताई गई है। आरोपी शराब के परिवहन या विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू घोषी (43), निवासी कनेरा देव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आबकारी एक्ट, आर्म्स एक्ट, जुआ एक्ट और मारपीट के प्रकरण शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

