रायपुर में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की बिक्री करते 4 आरोपित गिरफ्तार, 353 टेबलेट जब्त
पुलिस ने स्कूटी, दो मोबाइल और नकदी सहित 2.41 लाख रुपये का मशरूका किया जब्त
रायपुर, 13 अक्टूबर (हि. स.) । रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) की बिक्री में संलिप्त चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 353 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, 290 रुपये नकद, एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन/आईफोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 2 लाख 41 हजार 490 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती और देवेन्द्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर पुरानी बस्ती और देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई की गई। दोनों मामलों में आरोपितों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि, कुशालपुर स्थित पहाड़ी तालाब के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर अभय मिश्रा (23) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैले से निट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) टेबलेट बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, टेबलेट रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पूछताछ की गई। पूछताछ में अभय ने बिलासपुर निवासी एक व्यक्ति से टेबलेट लाने और पुरानी बस्ती निवासी राहुल सिंह ठाकुर उर्फ पंकज ठाकुर (35) को बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने राहुल सिंह ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपितों के कब्जे से कुल 170 प्रतिबंधित टेबलेट, घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी तथा दो मोबाइल फोन/आईफोन जब्त किए गए। इस मामले में जब्त सामग्री की कीमत लगभग 1 लाख 68 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 539/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 22(ख) और 29 में मामला दर्ज किया है। टेबलेट की आपूर्ति के स्रोत से संबंधित एक अन्य आरोपित फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को मंडी के सामने राम जानकी मंदिर चौक के पास देवेन्द्र नगर रोड पर दो व्यक्तियों के नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की सूचना मिली। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सोमनाथ यादव उर्फ सोमू (39) और पुष्पेन्द्र देवांगन (22) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से 183 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और बिक्री की 290 रुपये नकद राशि जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 73 हजार 490 रुपये बताई गई है। इस संबंध में थाना देवेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 171/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21(बी) में अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित सोमनाथ यादव उर्फ सोमू के खिलाफ पूर्व में देवेन्द्र नगर थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हो चुके हैं। इन प्रकरणों में वह जेल में निरुद्ध रह चुका है।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टेबलेट के स्रोत और फरार आरोपित के संबंध में भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

