सागर : बाइक की चाबी मांगने पर कटर से हमला, तीन आरोपित गिरफ्तार
सागर, 3 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में बाइक की चाबी मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाबी देने से इनकार करने पर तीन युवकों पर कटर से जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हमले में इस्तेमाल किए गए कटर भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 1 जुलाई की रात करीब 10:15 बजे की है। ग्राम कनेरा गौड़ निवासी अजय पटेल अपने साथियों पप्पू पटेल और नीरज पटेल के साथ एक शादी समारोह में जा रहे थे। बीएस जैन बंगले के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर बातचीत के दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और बाइक की चाबी मांगने लगे। इनकार करने पर आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर कटर से हमला कर तीनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायलों को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। शिकायत के आधार पर मोतीनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने राजीव नगर निवासी कृष्णा उर्फ केशू रैकवार (19), राम सोनी (19) और देवेंद्र राय (19) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तीन कटर भी जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस मामले का त्वरित खुलासा करने में मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

