home page

सागर: 8 साल से पुलिस को चकमा दे रहा स्थाई वारंटी गिरफ्तार, बहरोल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 | 
सागर: 8 साल से पुलिस को चकमा दे रहा स्थाई वारंटी गिरफ्तार, बहरोल पुलिस की बड़ी कार्रवाई


सागर, 22 मार्च (हि.स.)। सागर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले भर में अपराधियों और लंबे समय से फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'धरपकड़ अभियान' के तहत बहरोल पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने धारा 324 के तहत दर्ज एक पुराने मामले में पिछले 8 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, थाना बहरोल में दर्ज अपराध क्रमांक 57/18 (धारा 324 भादवि) के तहत आरोपी दिलीप पुत्र बालकिशन सोंर (उम्र 38 वर्ष), निवासी नीमोन, पिछले 8 सालों से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया था।

रविवार को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी दिलीप अपने गांव नीमोन स्थित निवास पर आया हुआ है। सूचना मिलते ही थाना बहरोल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को बण्डा न्यायालय में पेश किया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद आरोपी को उपजेल बण्डा भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना बहरोल प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह लोधी के नेतृत्व में निम्नलिखित टीम का विशेष योगदान रहा:

सउनि नाथूराम दोहरे

प्रधान आरक्षक राजेश पाण्डेय (862) एवं दयाराम पटेल (936)

आरक्षक विवेक भार्गव (1063), पुष्पेन्द्र जादौन (1776), अनिल पटेल (1105) और विकास ठाकुर (1760)।

सागर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या फरार अपराधी की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने में दें, ताकि जिले में अपराध मुक्त वातावरण बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे