home page

दरौंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आपराधिक घटना की योजना बनाते पांच गिरफ्तार

 | 
दरौंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आपराधिक घटना की योजना बनाते पांच गिरफ्तार


सीवान, 12 मई (हि.स.)। सीवान जिले के दरौंदा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भीखाबांध नहर के समीप आपराधिक घटना की योजना बना रहे पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, एक बाइक और एक कार बरामद की है। वहीं दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और आसूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि कुछ युवक भीखाबांध नहर के पास जुटकर किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा डायल 112 टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद युवक भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर पांच युवकों को दबोच लिया, जबकि दो आरोपी फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार युवकों की पहचान शहाबुद्दीन अंसारी उर्फ कैश, सलाउद्दीन अंसारी, इरशाद अंसारी, राजन यादव एवं विक्की यादव के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपितों की पहचान बुलेट यादव और मुन्ना हाशमी के रूप में की गई है।

तलाशी के दौरान शहाबुद्दीन अंसारी उर्फ कैश के पास से 7.65 एमएम का एक देशी पिस्तौल बरामद किया गया। पिस्तौल में एक गोली बैरल में तथा एक गोली मैगजीन में लोड थी। इसके अलावा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक होंडा साइन बाइक एवं एक ब्रेजा कार भी जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार बरामद हथियार का कोई वैध कागजात आरोपित प्रस्तुत नहीं कर सके। सभी आरोपितों के खिलाफ अवैध हथियार रखने तथा संगठित होकर अपराध की योजना बनाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपितों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma