नकली शराब बनाने की भारी सामग्री बरामद, तीन गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर 10 अगस्त (हि.स.)। जनपद के बांसी पुलिस, एसओजी, सर्विलांस सेल और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर प्रतापपुर के पास डबल डेकर स्लीपर बस (UP 17 AT 6415) से भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब बनाने की सामग्री मुखबिर की सूचना पर सोमवार को बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उक्त जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर दिल्ली जाने वाली डबल डेकर बस यू पी 17 ए टी 6415 की प्रतापपुर के पास रोककर संयुक्त टीम द्वारा तलाशी ली गई। इस दौरान आरोपियों के पास से 35,740 नकली ढक्कन, 4,900 क्यूआर कोड, 281 हरियाणा निर्मित शराब की बोतलें, 20 लीटर स्प्रिट, सेंट की 6 शीशियां, 65 खाली बोतलें और 3 मोबाइल बरामद हुआ। ये लोग सस्ते दाम पर हरियाणा से शराब लाकर महंगे दाम पर बेचने तथा नकली ब्रांड बनाने की योजना में थे।
गिरफ्तार आरोपियों में राम प्रताप उर्फ गुरु प्रजापति पुत्र बल्ली प्रजापति निवासी जंगल एकला नम्बर 2 टोला बेनी गंज थाना गुल्हरिया जनपद गोरखपुर, दीपक जायसवाल पुत्र राजेन्द्र जायसवाल निवासी बी-़/17-़182 भरत बिहार राजपुरी थाना डाबरी मोड़ जिला उत्तम नगर नई दिल्ली, जीतेन्द्र कुमार श्रीवास्तव पुत्र शिव सागर लाल श्रीवास्तव निवासी लाला फरेन्डिया थाना महुली जनपद संतकबीरनगर शामिल हैं। इन लोगों के विरुद्ध विभिन्न थानों मुकदमा भी दर्ज हैं। ये तीनों बांसी थाना पर दर्ज धारा 318(4),338,336(3),340(2)बी एन एस तथा 60/64 आबकारी अधिनियम में वांछित अभियुक्त हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी

