home page

सागर में पुरानी रंजिश पर भड़का विवाद, शनीचरी में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प, 4 आरोपी गिरफ्तार

 | 
सागर में पुरानी रंजिश पर भड़का विवाद, शनीचरी में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प, 4 आरोपी गिरफ्तार


सागर, 17 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र स्थित शनीचरी इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल हालात पर काबू पाया, बल्कि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार भी जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार बसुरयाना मोहल्ला (शनीचरी) में सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद की वजह पुरानी रंजिश और एक-दूसरे को घूरने जैसी बात बताई जा रही है।

पहले पक्ष के फरियादी इशरार खान ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू और लाठी-डंडों से हमला किया। वहीं दूसरे पक्ष के समीर खान ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कार्रवाई के तहत अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है और क्षेत्र में विशेष निगरानी के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचना दें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे