नाबालिग से अश्लील इशारे करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
24 घंटे के भीतर आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेजा
रायगढ़, 19 सितंबर (हि. स.)। कोतवाली पुलिस ने नाबालिग से कथित तौर पर अश्लील इशारे करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को स्थानीय महिला ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि, 17 सितंबर की रात करीब 9 बजे उसने अपनी 12 वर्षीय बेटी को घर के पीछे स्थित भोलेनाथ कलेत की किराना दुकान पर छोटे बच्चे के लिए पैंपर लेने भेजा था।
कुछ देर बाद बच्ची रोते हुए घर वापस आई। उसने अपनी मां को बताया कि किराना दुकान संचालक भोलेनाथ कलेत ने दुकान पर उसके साथ अश्लील इशारे किए। बच्ची डर गई और बिना पैंपर लिए ही वहां से भागकर घर आ गई। इसके बाद उसने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।
परिजनों से चर्चा के बाद महिला ने मामले की शिकायत थाना कोतवाली में दर्ज कराई। नाबालिग से संबंधित शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपित भोलेनाथ कलेत (35 वर्ष) के घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाना लाया।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 519/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 12 में अपराध पंजीबद्ध किया। आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला एवं नाबालिगों से संबंधित शिकायतों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभियान संवेदना के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपित की तलाश कर कार्रवाई पूरी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

