मक्के की फसल की आड़ में उगाए 35 किलो हरे गांजे के पौधे जब्त, आरोपी फरार
बांसवाड़ा, 24 मार्च (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बांसवाड़ा जिले की कलिंजरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव लालावाड़ा में मक्के की फसल की आड़ में उगाए गए 35.450 किलोग्राम हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं। इसके साथ ही आरोपी छगन के आवास से 2.400 किलोग्राम सूखा गांजा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार थानाधिकारी योगेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी के घर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी छगन मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी कलिंजरा पुलिस ने गांव हमीरपुरा बड़ा में 53 किलोग्राम हरे गांजे के पौधे जब्त किए थे। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह भाटी के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थ के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष

