home page

सेंट्रल जोन में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, नशीली गोलियां और अवैध शराब बरामद

 | 
सेंट्रल जोन में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, नशीली गोलियां और अवैध शराब बरामद


सेंट्रल जोन में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, नशीली गोलियां और अवैध शराब बरामद


रायपुर, 13 अगस्त (हि.स.) । रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में पुलिस ने रात्रि गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाकर नशीली गोलियों, अवैध शराब, संदिग्ध गतिविधियों और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई की। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की।

थाना गोलबाजार पुलिस ने बाँस टाल शीतला मंदिर के पास चेकिंग के दौरान दो युवकों अनुराग साहू (21वर्ष) और सोमेश साहू (24वर्ष), दोनों निवासी टिकरापारा क्षेत्र, को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से नाइट्रोजेपाम की 157 टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

9 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त

थाना मौदहापारा पुलिस ने होटल आदित्य के सामने बार से अवैध रूप से शराब निकालकर बिक्री करने के आरोप में अमित सिंह (27वर्ष), निवासी ग्राम जमनी, जिला शहडोल, मध्यप्रदेश, को पकड़ा। उसके कब्जे से 9 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब की 12 बोतलें बरामद की गईं। इनमें 6 रॉयल स्टैग, 2 आरसी, 2 मैजिक मोमेंट और 2 ब्लेंडर्स प्राइड शामिल हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹10,880 बताई गई है। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

इसी दौरान होटल आदित्य के पास वाहन चेकिंग में वाहन चालक के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किया गया।

छीना-झपटी और संदिग्ध गतिविधियों पर भी कार्रवाई

थाना गंज पुलिस ने छीना-झपटी की घटनाओं के संबंध में संदिग्ध तबरेज़ बेक (18वर्ष), निवासी टाटीबंध क्षेत्र, को पकड़कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।वहीं थाना कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त सूजल बाला उर्फ समय (24), निवासी लालपुर, के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर कार्रवाई

बैजनाथपारा क्षेत्र में रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगे वाहनों की जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई। इसके साथ ही संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की भी सघन जांच की गई।

यह पूरी कार्रवाई बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन तथा एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में की गई। रायपुर पुलिस ने यह जानकारी आज गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से साझा की है।

पुलिस के मुताबिक, सेंट्रल जोन में रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर