home page

सागर में जहरीली और नकली शराब बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 16 गिरफ्तार

 | 
सागर में जहरीली और नकली शराब बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 16 गिरफ्तार


सागर, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध और अमानक शराब के निर्माण तथा खरीद-बिक्री से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बंडा और विनायका थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और ठिकानों से बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ नकली शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, छह सितंबर को बंडा थाना क्षेत्र के कुछ गांवों में संदिग्ध शराब पीने से लोगों की तबीयत बिगड़ने और मौत की सूचना सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल प्रभावित गांवों का दौरा किया और जांच शुरू कराई। जांच आगे बढ़ने पर अवैध शराब निर्माण और अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता चला।

जांच में सामने आया कि बरेठी मदिरा दुकान का लाइसेंसी ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर उत्तर प्रदेश के ललितपुर निवासी अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा के संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक रवि लखेरा से शराब तैयार करने का तरीका सीखने के बाद जन्माष्टमी से दो दिन पहले चंदू राजपूत के मक्के के खेत में स्प्रिट, बारदाना और नकली रैपर की मदद से करीब 50 पेटी नकली शराब तैयार की गई थी। इसे ‘सागर गोल्ड’ के नाम से ग्रामीण क्षेत्रों में खपाने के लिए सेल्समैन के माध्यम से नौराज, गूगरा, पाटन और छापरी सहित अन्य इलाकों में भेजा गया।

सबूत मिटाने का प्रयास

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर सबूत नष्ट करने के उद्देश्य से शराब निर्माण से जुड़ी सामग्री में आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए अवैध शराब और निर्माण सामग्री बरामद कर ली।

बंडा पुलिस ने 62.40 लीटर तथा विनायका पुलिस ने 189.72 लीटर अवैध शराब जब्त की। इस तरह कुल 252.12 लीटर शराब बरामद की गई। इसके अलावा 164 खाली क्वार्टर, 27 लीटर अमानक शराब, 170 ढक्कन, 150 लेबल, शराब मापने का उपकरण, फेविकोल, टेप, ब्लेड, दो चुग्गी और 11 गत्ते के कार्टून भी जब्त किए गए हैं।

बंडा थाना क्षेत्र से आठ आरोपी गिरफ्तार

बंडा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 658/26 के मामले में पुलिस ने मनोहर लोधी (32), दिनेश लोधी (32), जुझार सिंह लोधी (43), राजा लोधी (45), अनिकेत गंधर्व (27), रविन्द्र सिंह (30), आकाश राय (28) और गोविन्द लोधी (35) को गिरफ्तार किया है। इनमें जुझार सिंह लोधी के कब्जे से 43.2 लीटर शराब बरामद होना बताया गया है।

मनोहर लोधी और दिनेश लोधी नौराज, जुझार सिंह लोधी नौराज, राजा लोधी गूगरा, अनिकेत गंधर्व गंभीरिया मकरोनिया, रविन्द्र सिंह बसगोई टीकमगढ़, आकाश राय सौरई ललितपुर उत्तर प्रदेश और गोविन्द लोधी नौराज का निवासी बताया गया है।

विनायका से आठ आरोपी पकड़े गए

विनायका थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 98/26 के मामले में अरविन्द यादव (44), भगवान सिंह लोधी (40), मानसिंह अहिरवार (45), चन्द्रभान उर्फ चंदू राजपूत (42), धर्मेन्द्र राजपूत (30), सोहन राजपूत (52), रोहित शिवहरे (24) और राघवेन्द्र राजपूत (30) को गिरफ्तार किया गया है।

इनमें अरविन्द यादव, भगवान सिंह लोधी और मानसिंह अहिरवार पाटन, चन्द्रभान उर्फ चंदू राजपूत, धर्मेन्द्र राजपूत, सोहन राजपूत और राघवेन्द्र राजपूत ततरवारा तथा रोहित शिवहरे छतरपुर का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार चन्द्रभान उर्फ चंदू राजपूत मामले का मुख्य आरोपी है और उसके कब्जे से 147.6 लीटर शराब जब्त की गई है।

फरार आरोपियों पर इनाम घोषित

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरोह के कई सदस्यों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक अंतरराज्यीय तस्कर रवि लखेरा के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 25 अपराध दर्ज हैं, जबकि लाइसेंसी मनीष लोधी के खिलाफ 11 मामले दर्ज बताए गए हैं।

मामले में फरार मुख्य आरोपियों मनीष लोधी, रवि लखेरा और शिवान्जय ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर अवैध शराब के निर्माण, आपूर्ति और बिक्री से जुड़े नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे