सागर में अवैध पटाखों पर पुलिस का छापा, 10.50 लाख रुपये की आतिशबाजी जब्त
सागर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सागर के मोतीनगर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 10 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
मोतीनगर थाना क्षेत्र के बालाजी नगर स्थित अंबेडकर वार्ड में पुलिस ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए। कार्रवाई के दौरान 23 खाकी कार्टूनों में रखे अनारदाना, फुलझड़ी, सुतली बम, रॉकेट और लड़ियों सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में सुनील शर्मा (41), निवासी अंबेडकर वार्ड, छोटू, अरविंद पांडा और मौसम शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 1311/26 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
दूसरी कार्रवाई में मोतीनगर थाना पुलिस ने सिंधी कैंप स्थित बालचंद तलवानी की दुकान पर छापेमारी की। यहां से अनारदाना, फुलझड़ी, सुतली बम, रॉकेट, लड़ियों वाले पटाखों के पैकेट और अन्य प्रकार की आतिशबाजी जब्त की गई। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 1112/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुजानिया स्वयं मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का जायजा लिया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस अब दोनों मामलों में जब्त पटाखों के स्रोत, उनके भंडारण से संबंधित अनुमति और बिक्री से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
सागर पुलिस ने पटाखा व्यापारियों, अस्थायी दुकान संचालकों और फुटकर विक्रेताओं को निर्धारित नियमों तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पटाखों का भंडारण, परिवहन और बिक्री वैध लाइसेंस एवं निर्धारित शर्तों के अनुसार ही की जानी चाहिए।
अस्थायी दुकानदारों को आवश्यक अनुमति लेने के बाद केवल स्वीकृत स्थानों पर ही पटाखे बेचने की हिदायत दी गई है। इसके अलावा निर्धारित क्षमता से अधिक पटाखे रखने और असुरक्षित स्थानों पर उनका भंडारण करने से बचने को कहा गया है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। यदि किसी स्थान पर अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना को रोकने के लिए अवैध आतिशबाजी के कारोबार पर निगरानी रखी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

