home page

मुरैना में अवैध पटाखों पर पुलिस की कार्रवाई, 2.45 लाख रुपये की सामग्री जब्त

 | 
मुरैना में अवैध पटाखों पर पुलिस की कार्रवाई, 2.45 लाख रुपये की सामग्री जब्त


मुरैना, 21 अक्टूबर (हि.स)। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण, बिक्री और पटाखे बनाने में प्रयुक्त विस्फोटक सामग्री के अवैध संग्रहण के खिलाफ मुरैना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। 15 से 20 अक्टूबर 2026 तक चली कार्रवाई में दो प्रकरण दर्ज कर दो आरोपितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 2 लाख 45 हजार रुपये कीमत के अवैध पटाखे एवं पटाखे बनाने की सामग्री जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। पुलिस के अनुसार, जौरा थाना क्षेत्र में एक प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गई। यहां से 2 लाख 10 हजार रुपये कीमत के पटाखे एवं निर्माण सामग्री जब्त की गई। वहीं कैलारस थाना क्षेत्र में एक अन्य प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 35 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई। इस प्रकार दोनों मामलों में कुल 2.45 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया।

मुरैना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बिना वैध अनुमति के पटाखों का भंडारण और विक्रय न करें तथा पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली विस्फोटक सामग्री का अवैध संग्रहण न करें। कहीं भी अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा