home page

नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 150 ठिकानों पर दी दबिश

 | 
नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 150 ठिकानों पर दी दबिश


जोधपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। जोधपुर कमिश्नरेट की जिला पश्चिम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों और शराब की खरीद-फरोख्त करने वाले आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने चाय की थडिय़ों, ढाबों सहित मादक पदार्थों की बिक्री की संभावना वाले 150 स्थानों को चिन्हित कर वहां दबिश दी।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार, सहायक पुलिस आयुक्तों और थानाधिकारियों के पर्यवेक्षण में अलग-अलग पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन जांच और दबिश की कार्रवाई की। इस दौरान एनडीपीएस अधिनियम के तहत कुल चार प्रकरण दर्ज किए गए और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक किलो अवैध डोडा पोस्त, 50 ग्राम अफीम का दूध और 67 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त एक दुपहिया वाहन भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार लूणी थाना क्षेत्र में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि देवनगर और सरदारपुरा थाना क्षेत्रों में एक-एक प्रकरण दर्ज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश