home page

हमीरपुर में चिट्टा तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 

हमीरपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जिला हमीरपुर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस हमीरपुर ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चिट्टा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में भोरंज पुलिस थाना की टीम ने एचसी ललित कुमार के नेतृत्व में बुधवार रात्रि गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान बडैहर पुल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर आरोपी लोकेश कुमार वैरवा निवासी जिला दौसा के कब्जे से 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के अंतर्गत मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई है।

दूसरे मामले में थाना सदर हमीरपुर की पुलिस टीम ने प्रभारी थाना कुलवंत सिंह के निर्देशन में गश्त और चेकिंग के दौरान स्वाहल क्षेत्र में एक टैक्सी को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान टैक्सी में सवार शशी कांत (24) निवासी हमीरपुर के कब्जे से 15.52 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 7 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि जिला हमीरपुर में चिट्टा तस्करी के दो मामले सामने आए हैं। इनमें एक मामला भोरंज थाना क्षेत्र से संबंधित है, जबकि दूसरा मामला सदर थाना हमीरपुर का है। दोनों मामलों में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ जारी है।

एसपी ने कहा कि हमीरपुर पुलिस नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें, ताकि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा