रायपुर: पुरानी बस्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई, धारदार चाकू के साथ दो आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 25 जुलाई (हि. स.)। थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो स्टील के धारदार चाकू बरामद कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 24 जुलाई 2026 को पुलिस पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में दो युवक अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई करते हुए तिरंगा चौक, कुशालपुर में घेराबंदी कर आरोपित मयंक ठाकुर पिता ईश्वर ठाकुर (20 वर्ष) निवासी राष्ट्रीय चौक, शेखर किराना के पास, कुशालपुर को पकड़ा। पूछताछ में आरोपित ने अपने पास चाकू रखना स्वीकार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपित चाकू रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने दूसरी कार्रवाई करते हुए कुशालपुर चौक के पास से आरोपित खेमकरण धुव उर्फ फाइटर पिता गणेश धुव (20 वर्ष) निवासी आदिवासी कॉलोनी, कुशालपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से भी एक स्टील का धारदार चाकू मिला। आरोपित के पास भी हथियार रखने संबंधी कोई वैध अनुमति नहीं थी।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से बरामद हथियारों को जब्त कर उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 335/2026 एवं 336/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध हथियार रखने या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अपराधों की रोकथाम के लिए ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

