home page

पश्चिम क्षेत्र पुलिस की सघन कार्रवाई, 150 आरोपितों पर शिकंजा

 | 
पश्चिम क्षेत्र पुलिस की सघन कार्रवाई, 150 आरोपितों पर शिकंजा


रायपुर, 9 सितंबर (हि. स.)। अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र में 2 से 8 सितंबर के बीच सघन अभियान चलाया गया।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रोबिनसन गुड़िया (भापुसे) एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन में की गई कार्रवाई में विभिन्न मामलों में कुल 150 आरोपितों एवं व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान स्थायी वारंट के चार मामलों में चार वारंटियों तथा गिरफ्तारी वारंट के 37 मामलों में 37 वारंटियों/आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत 29 प्रकरण दर्ज कर 29 आरोपितों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 88 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

अवैध हथियार एवं चाकूबाजी के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। आर्म्स एक्ट के 12 मामलों में 12 आरोपितों को पकड़ा गया और उनके कब्जे से 12 चाकू बरामद किए गए। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तीन मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 16 किलो 830 ग्राम गांजा, 42 नशीली/कीमती टैबलेट, करीब 600 रुपये की सामग्री तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।

कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 59 प्रकरणों में 64 व्यक्तियों को जेल भेजा गया। इसके अलावा पुलिस ने 25 गुंडा बदमाशों और 19 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की।

कोटपा एक्ट में 282 पर कार्रवाई

तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं सार्वजनिक उपयोग पर रोक के लिए चलाए गए विशेष अभियान में कोटपा एक्ट के तहत 282 प्रकरण दर्ज कर 282 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। इनमें पुरानी बस्ती में 25, कबीर नगर में 127 और डी.डी. नगर में 130 प्रकरण शामिल हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार, वारंटी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर