चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई: धमतरी पुलिस ने 2.60 करोड़ का गांजा पकड़ा, पांच तस्कर गिरफ्तार
धमतरी, 08 जून (हि.स.)।धमतरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जब्ती का खुलासा किया है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए लगभग दो करोड़ 60 लाख रुपये मूल्य का 490.818 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में चार आरोपितों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया है। कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक महेन्द्रा पिकअप, एक मारुति स्विफ्ट कार तथा छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
थाना अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि महेन्द्रा पिकअप तथा मारुति स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर चारामा से धमतरी की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने श्यामतराई फारेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान पिकअप में रखी 13 प्लास्टिक बोरियों और स्विफ्ट कार में छिपाकर रखे गए कुल 96 पैकेटों से 490.818 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत दो करोड़ 45 लाख 40 हजार 900 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने नौशाद खान (29 वर्ष), मूल निवासी बागपत (उत्तर प्रदेश) एवं वर्तमान निवासी जगदलपुर, करण साहू (22 वर्ष), मोहम्मद शादिक (30 वर्ष) तथा हिमांशु साहू (20 वर्ष) सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आज पत्रकारों को जानकारी दी कि जांच में सामने आया है कि आरोपित रविवार को जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर तथा अन्य शहरों में खपाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस को प्रारंभिक जांच में अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं। जब्त संपत्ति में 490.818 किलोग्राम गांजा, एक मारुति स्विफ्ट कार, एक महेन्द्रा पिकअप वाहन और छह मोबाइल फोन शामिल हैं। कुल जब्त संपत्ति का अनुमानित मूल्य दो करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपये बताया गया है।
मालूम हो कि पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि धमतरी पुलिस ने पिछले छह सप्ताह में गांजा तस्करी के विरुद्ध लगातार सात बड़ी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों किलोग्राम गांजा और करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की है। सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ाई गई निगरानी के चलते तस्करों के बदलते तौर-तरीकों का लगातार पर्दाफाश हो रहा है।
पुलिस का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति, गिरोह या अंतर्राज्यीय नेटवर्क के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

