home page

गांजा तस्करी में दो आरोपित गिरफ्तार, करीब तीन किलो गांजा और मोटरसाइकिल जब्त

 | 
गांजा तस्करी में दो आरोपित गिरफ्तार, करीब तीन किलो गांजा और मोटरसाइकिल जब्त


रायगढ़, 26 अक्टूबर (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुसौर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

पुलिस ने ग्राम बड़े भंडार में नाकेबंदी कर ओडिशा से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लेकर आ रहे आरोपि‍त को करीब 3 किलो गांजा के साथ पकड़ा। विवेचना के दौरान गांजा मंगाने वाले खरीददार की भी पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि खरीददार ने तीन किलो गांजा मंगाने के लिए आरोपि‍त से मोबाइल पर संपर्क किया था और इसके एवज में 14,850 ट्रांसफर किए थे।

जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर को थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति काले रंग के बैग में गांजा लेकर होंडा साइन एसपी 125 मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 बीआर 3641 से ओडिशा की ओर से चंद्रपुर होते हुए रायगढ़ आ रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर उनके मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने नाकेबंदी की। मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार ग्राम बड़े भंडार में प्रियंका किराना स्टोर के सामने मुख्य सड़क पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा गया।

पूछताछ में उसने अपना नाम लब सा (30 वर्ष), निवासी झारसुगुड़ा, ओडिशा, वर्तमान निवास चक्रधर कॉलोनी, चंद्रपुर, जिला सक्ती बताया। संदेही के पास से 3 पैकेट में करीब 2.893 किलो गांजा (1.40 लाख रूपये) मिला। पूछताछ में गांजा परिवहन के संबंध में जानकारी मिलने पर उसके विरुद्ध थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 267/2026 धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। आरोपि‍त लब सा से गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकि‍ल होंडा साइन एसपी 125 क्रमांक सीजी 11 बीआर 3641 कीमती करीब 50,000 रूपये की जब्ती की गई ।

विवेचना के दौरान आरोपि‍त लब सा के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गांजा मंगाने वाले राजू दास महंत (39 वर्ष), निवासी बरमुड़ा, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ की तलाश की गई। पूछताछ में राजू दास महंत द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से लब सा से संपर्क कर तीन किलो गांजा मंगाने तथा इसके एवज में कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से 14,850 ट्रांसफर करने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने आरोपि‍त राजू दास महंत के कब्जे से वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन, मॉडल वी2029 एवं वीवो टी4 लाइट 5जी, (दोनों मोबाइल कीमती करीब 50 हजार ) जब्त किए। दोनों आरोपितों से करीब 2 लाख 40 हजार की मशरूका जब्‍त कर दोनों को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान